21 लाख रुपए के मादक पदार्थ के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, अल्प्राजोलम और अफीम जब्त

Total Views : 22
Zoom In Zoom Out Read Later Print

शहर कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में 1 किलो अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम बरामद, एक आरोपी से पूछताछ में दूसरे तस्कर का खुलासा।

जनसंवाद न्यूज़ मंदसौर।

अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो अल्प्राजोलम और 500 ग्राम अफीम बरामद की है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 31 अक्टूबर और 1 नवंबर की मध्यरात्रि को यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध रूप से अल्प्राजोलम और अफीम लेकर कोर्ट रोड स्थित शिवना नदी के पास पहुंचने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम समीर शेख (28), पिता रईस शेख, निवासी गोपालपुरा, थाना नारायणगढ़, जिला मंदसौर बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1 किलो अल्प्राजोलम, जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपए, तथा 500 ग्राम अफीम, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए आंकी गई, बरामद हुई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 22 एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में समीर ने खुलासा किया कि वह उक्त मादक पदार्थ शाहरुख पिता अब्दुल रहीम (27), निवासी नूरी कॉलोनी, मनासा, जिला नीमच से लेकर आया था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी शाहरुख को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

See More

Latest Photos