सुपरा में मंदिर से प्रसादी लेकर निकली महिलाओं को कार ने मारी टक्कर, 7 घायल

Total Views : 8
Zoom In Zoom Out Read Later Print

हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर खंभे से बांधा, पुलिस ने हिरासत में लिया; एक महिला रतलाम रेफर

जनसंवाद न्यूव मंदसौर

पिपलियामंडी थाना क्षेत्र के सुपरा गांव में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार ने मंदिर से प्रसादी लेकर बाहर निकल रही महिलाओं को टक्कर मार दी। इच्छापूर्ण हनुमान मंदिर के पास हुए इस हादसे में छह महिलाएं और 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गईं। घायलों में एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसा रात करीब 11.30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव के बालाजी मंदिर में गणेशजी की स्थापना के बाद रात में आरती हुई थी। इसके बाद महिलाएं प्रसादी बांटते हुए मंदिर से बाहर निकल रही थीं, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

इन महिलाओं को आई चोटें

हादसे में सन्ना बाई औंठ (36), भगवत्ता बाई औंठ (38), रुक्मणी बाई औंठ (37), दुर्गा औंठ (13), लाली बाई औंठ (55), गीता बाई मेघवाल (55) और श्यामा बाई औंठ (45) घायल हुई हैं। सन्ना बाई के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। उनकी हालत नाजुक होने पर रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। भगवत्ता बाई के कूल्हे में फ्रैक्चर, लाली बाई के कंधे में तथा गीता बाई के घुटने में फ्रैक्चर बताया गया है। अन्य घायलों को भी शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं।

गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने कार चालक को मौके पर ही पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसे कार से बाहर निकालकर खंभे से बांध दिया और मारपीट की। कार में भी तोड़फोड़ कर दी गई। सूचना मिलने पर पिपलियामंडी थाना प्रभारी विक्रम सिंह इनवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

सभी घायलों को डायल-112 की मदद से पिपलियामंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल रेफर किया गया। रात करीब 1 बजे घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार किया गया।

पुलिस के अनुसार कार RJ 45 CS 0432 में चालक अकेला था। उसकी पहचान अर्जुन सिंह (32), पिता कमल सिंह, निवासी सुजानपुरा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने चालक के शराब के नशे में होने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

See More

Latest Photos