85 कट्टे मिल्क पाउडर, पाम ऑयल, खाली डिब्बे और मशीनें जब्त; दोनों आरोपी फरार
घर में चल रही थी नकली घी-दूध की फैक्ट्री, पुलिस ने मारा छापा
जनसंवाद न्यूज़ मंदसौर।
सुवासरा के ग्राम खेजड़िया भूप में घर के अंदर संचालित नकली दूध और घी बनाने की फैक्ट्री का सुवासरा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक पीरूसिंह पिता रामसिंह सौंधिया राजपूत और रामसिंह पिता तेजसिंह सौंधिया राजपूत मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से नकली दूध-घी बनाने में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री, उपकरण और अन्य सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक बीडी बीरा के निर्देश पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान 85 कट्टे मिल्क पाउडर (Whey Premate Powder) मिले। इसके अलावा 15 लीटर क्षमता वाले पाम ऑयल के 7 टीन, 120 खाली टीन के डिब्बे, 200 लीटर क्षमता के 4 खाली ड्रम, दो फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, दो गैस भट्टी और इंडेन गैस की दो टंकियां बरामद हुईं। कार्रवाई में यूरिया से भरे 6 कट्टे, दो स्टील की कोठियां, पाम ऑयल की एक जरी केन, तैयार नकली घी, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मोटर पंप भी जब्त किया गया। पुलिस ने पूरी सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की धारा 272, 274 और 275 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। दोनों आरोपी कार्रवाई के बाद से फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। मामले में जब्त सामग्री का उपयोग किस स्तर पर और कहां किया जाना था, इसे लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
বাংলা
Spanish
Arabic
French
Chinese