महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, भजन संध्या में मनीष तिवारी ने बांधा समां
ड्राईफ्रूट से सजे अष्टमुखी पशुपतिनाथ, छप्पन भोग का लगाया नैवेद्य
जनसंवाद न्यूज़ मंदसौर।
अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव का रविवार को छप्पन भोग महोत्सव के अवसर पर विभिन्न प्रकार के ड्राईफ्रूट से भव्य एवं नयनाभिराम श्रृंगार किया गया। प्रातःकाल आरती मंडल द्वारा आयोजित इस आयोजन में भगवान के आठों मुखों का आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।महोत्सव के तहत सुबह 9 बजे भगवान पशुपतिनाथ महादेव का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद महारुद्री पाठ हुआ। भगवान का दूध, दही, घी, शक्कर और शहद से निर्मित पंचामृत से अभिषेक किया गया। साथ ही भांग से भी अभिषेक किया गया। अभिषेक के पश्चात भगवान पशुपतिनाथ का बादाम, काजू, पिस्ता, अंजीर, मखाना, अखरोट, किशमिश, मुनक्का, केसर, खजूर, खोपरा गोला, खारक और इलायची सहित विभिन्न प्रकार के ड्राईफ्रूट से मनोहारी श्रृंगार किया गया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में भगवान को छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पित किया गया। शाम 4 बजे भव्य महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं शाम 5 बजे से इंदौर के प्रख्यात भजन गायक मनीष तिवारी ने भजन संध्या प्रस्तुत की। भक्ति गीतों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और देर शाम तक मंदिर में भक्तों की आवाजाही बनी रही।
বাংলা
Spanish
Arabic
French
Chinese