आरोपी के सहयोगी दिनेश गुर्जर के ठिकानों पर भी दबिश दी, जहां से अतिरिक्त 1000 लीटर नकली दूध, करीब 5000 लीटर दूध बनाने योग्य केमिकल्स, दो बड़े टैंक और अन्य उपकरण जब्त किए गए।
गरोठ में नकली दूध फैक्ट्री का भंडाफोड़, 2000 लीटर सिंथेटिक दूध जब्त, संचालक गिरफ्तार
जनसंवाद न्यूज़ मंदसौर।
जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली दूध बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। ग्राम चाचावदा चौकटिया में देर रात करीब डेढ़ बजे की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 2000 लीटर सिंथेटिक दूध जब्त किया है। साथ ही भारी मात्रा में रसायन और उपकरण भी बरामद किए गए हैं।पुलिस के अनुसार मौके पर संचालित फैक्ट्री एक बाड़े के दो कमरों में चल रही थी, जहां यूरिया व अन्य केमिकल्स की मदद से नकली दूध तैयार किया जा रहा था। छापे के दौरान करीब 1000 लीटर तैयार सिंथेटिक दूध, ढाई कट्टे यूरिया, संदिग्ध रसायन और मशीनरी बरामद की गई। मौके से फैक्ट्री संचालक मनीष (निवासी आगरा) को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आरोपी के सहयोगी दिनेश गुर्जर के ठिकानों पर भी दबिश दी, जहां से अतिरिक्त 1000 लीटर नकली दूध, करीब 5000 लीटर दूध बनाने योग्य केमिकल्स, दो बड़े टैंक और अन्य उपकरण जब्त किए गए। फूड इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह जादौन ने मौके पर पहुंचकर दूध के सैंपल जांच के लिए लिए हैं। थाना प्रभारी हरीश मालवीय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा था और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सूचना दे दी गई है। यह कार्रवाई क्षेत्र में नकली दूध के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
বাংলা
Spanish
Arabic
French
Chinese